
कुएं में डूबने से सगे भाइयों की मौत, गांव में मातम
Ranchi : रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के चंद्राटोली गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुखराम मुंडा (42) और विनोद मुंडा (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोद मुंडा सुबह खेत जाने के दौरान सिंचाई कूप से पानी निकालने पहुंचा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गया। भाई को डूबता देख सुखराम मुंडा उसे बचाने के लिए बिना देर किए कुएं में कूद पड़ा। हालांकि, बचाव का प्रयास दोनों के लिए जानलेवा साबित हुआ और दोनों की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, विनोद मुंडा मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और अविवाहित था।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस सिंचाई कूप में हादसा हुआ, वह करीब 30 फीट गहरा है और उसमें लगभग 22 से 23 फीट तक पानी भरा हुआ है। यह कुआं मनरेगा योजना के तहत करीब दो वर्ष पहले बनाया गया था, लेकिन अब तक उसकी सुरक्षा के लिए मुंडेर का निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से उचित मुआवजा तथा आश्रितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।



