जन समाधान कार्यक्रम का असर: 30 साल पुरानी समस्या का हुआ समाधान
Palamu : “जनता की समस्या, प्रशासन की प्राथमिकता”-इस सोच को साकार करते हुए पलामू जिला प्रशासन ने एक बार फिर जन समाधान कार्यक्रम की प्रभावशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मेदिनीनगर के कुंड मोहल्ला निवासी पूजा कुमारी ने दिनांक 1 जुलाई को समाहरणालय में आयोजित जन समाधान कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि उनकी भूमि की अंतिम ऑफलाइन रसीद वर्ष 1996 में कटी थी, लेकिन लगभग 30 वर्षों से ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं हो पाने के कारण उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

ऑनलाइन रसीद उपलब्ध नहीं होने के कारण पूजा कुमारी को ओबीसी प्रमाण पत्र बनवाने, नगर निगम से पेयजल कनेक्शन लेने तथा अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में बाधाएं आ रही थीं। कई बार प्रयास के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया था।समस्या की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त श्री शेखावत ने तत्काल संज्ञान लिया और अपर समाहर्ता कुंदन कुमार को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
प्रशासन की त्वरित पहल का परिणाम यह रहा कि महज 24 घंटे के भीतर पूजा कुमारी की ऑनलाइन रसीद निर्गत कर दी गयी।
अपनी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान पर पूजा कुमारी ने खुशी व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं उपायुक्त के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें सरकारी प्रमाण-पत्रों एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।




