Jharkhand : मानवता शर्मसार, दिव्यांग महिला से दुष्कर्म के आरोप में 2 गिरफ्तार
Ranchi : दुमका स्थित काठीकुंड थाना क्षेत्र के हटिया परिसर स्थित पुराने केंदू पत्ता गोदाम में एक मानसिक रूप से दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को सूचना मिली थी कि पुराने केंदू पत्ता गोदाम में कुछ लोगों द्वारा एक महिला के साथ छेड़खानी की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस एवं गश्ती दल मौके पर पहुंचा। वहां एक मानसिक रूप से दिव्यांग महिला को पाया गया। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया और महिला को थाने लाया गया। बाद में पीड़िता के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर काठीकुंड थाना कांड संख्या 41/2026, दिनांक 09.11.2026 को मामला दर्ज किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74/75/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार शील उर्फ राजेश कुमार सिंह (30), पिता चंडी शील, ग्राम काठीकुंड तेलियाचक बाजार तथा मालिक टुडू उर्फ भूत टुडू (35), पिता स्वर्गीय चुंडा टुडू, ग्राम बड़ा काठीकुंड ने पूछताछ के दौरान महिला के साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह, केदारनाथ पुर्ति, विवेक विल्सन बोयपाई सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।





