JPSC-JSSC में गड़बड़ी को लेकर झारखंड विधानसभा में जमकर हंगामा
Ranchi : Jharkhand विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन.JPSC-JSSC में धांधली मामले को लेकर भारी हंगामा देखा गया. भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने सदन के बाहर और भीतर सरकार को जोरदार तरीके से घेरा.सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही भाजपा विधायकों का अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला.

भाजपा विधायक अपने शरीरों पर JPSC रेट चार्ट लिखे चोले पहनकर पहुंचे थे, जिन पर जेपीएससी के तहत आने वाले विभिन्न प्रशासनिक पदों के कथित रेट लिखे हुए थे. हाथों में तख्तियां लिए विपक्षी विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर उग्र नारेबाजी की. जब सदन शुरू हुआ तो विधायकों ने विधानसभा के अंदर वेल में घुस गए और नारेबाजी जारी रखी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार जब तक पूरे मामले की सीबीआई जांच का आदेश नहीं देती, तब तक विरोध जारी रहेगा.
झारखंड विधासभा के पहले दिन गुरुवार को भी एनडीए विधायकों ने इस मामले को लेकर भारी हंगामा किया था.


