PALAMU: सड़क हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल, रिम्स रेफर
हुसैनाबाद : जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग के ऊपरी मोड़ के समीप फोर व्हीलर और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार विशाल कुमार गुप्ता (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने घायल को उपचार के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

फिलहाल विशाल कुमार का इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा है। बताया जाता है कि हादसे में विशाल कुमार के दाहिने पैर में दो जगह फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सिर में भी गंभीर चोट लगी है। विशाल कुमार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं और चाय बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद परिजनों के सामने उनके इलाज के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण की भी चिंता खड़ी हो गई है।




