Palamu : ट्रेन के आगे कूदा युवक, दोनों पैर कटने से हालत गंभीर
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर मंगलवार की तड़के ट्रेन के आगे कूद कर एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।जिसके कारण उसके दोनों पैर कट गए।
घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ पुलिस एएसआई रणविजय सिंह अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।जहां इलाज के बाद भी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के जमुने गांव निवासी मुदेश्वर राम के पुत्र विकास कुमार उम्र 25 वर्ष के रूप में की गई है।इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि युवक विकास कुमार का सोमवार की रात कुछ बात को लेकर अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया था। इसी को लेकर युवक विकास कुमार ने मानसिक तनाव में आकर यह खौफनाक कदम उठाने का फैसला लिया और मंगलवार की सुबह ट्रेन के आगे कूद कर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनो पैर कट गए।
इस घटना के बाद पुलिस के द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचकर अपने देखरेख में घायल विकास कुमार का इलाज करवा रहे हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान विकास कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।



