Palamu: बिजली करंट की चपेट में आकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की एएनएम घायल
Palamu : मेदिनीनगर शहर के आदर्श नगर बैरिया चौक स्थित एक मकान में रह रही मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत एएनएम सरिता देवी 33 हजार केवीए विद्युत करंट के संपर्क में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। करंट लगने के बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सरिता देवी पिछले करीब छह वर्षों से अपने तीन बच्चों के साथ आदर्श नगर बैरिया चौक निवासी दामोदर चौधरी के मकान में किराए पर रह रही हैं। मकान के बिल्कुल सटे हुए 33 हजार केवीए की हाईटेंशन बिजली तार गुजरती है। बताया जा रहा है कि तेज हवा के कारण यह तार अक्सर मकान की दीवार से टकराता रहता है।

इसी दौरान दीवार में करंट प्रवाहित हो गया और दीवार के संपर्क में आते ही सरिता देवी को जोरदार करंट लग गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ीं।मकान मालिक दामोदर चौधरी ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर हाईटेंशन तार को हटाने या स्थानांतरित करने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि धूप और बरसात के दौरान तेज हवा चलने पर तार लगातार दीवार से टकराता है, जिससे पूरे मकान में करंट फैलने का खतरा बना रहता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते विभाग ने कदम नहीं उठाया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।



