
Ranchi : पल्स पोलियो अभियान में लक्ष्य से अधिक बच्चों को पिलाई गई दवा
Ranchi : जिले में 28 जून से 30 जून तक चले पल्स पोलियो अभियान में स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्य से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई है। मंगलवार को तीसरे दिन जारी अंतिम रिपोर्ट के अनुसार जिले ने 102.01 प्रतिशत कवरेज हासिल किया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पूरे जिले में 5,05,524 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके मुकाबले 5,15,694 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई। इस तरह जिला तय लक्ष्य से आगे निकल गया।

अभियान के दौरान रांची के शहरी क्षेत्र में सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा। यहां 2,07,381 बच्चों का लक्ष्य था, जबकि 2,21,104 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। यह 106.62 प्रतिशत कवरेज है।वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में 2,98,143 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य था। इसके मुकाबले 2,94,590 बच्चों तक टीम पहुंची।ग्रामीण क्षेत्र में कुल 98.81 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया।
प्रखंड में सोनाहातू ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। यहां 104.63 प्रतिशत कवरेज दर्ज हुआ। नामकुम में 103.04 प्रतिशत और मांडर में 100.65 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।इसके अलावा कांके, बुंडू, सिल्ली और अनगड़ा में भी लगभग 100 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।
वहीं, रातू ब्लॉक में 91.11 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया, जो जिले में सबसे कम रहा।




