united palamu . com की खबर का असर, बैरिया चौक तक सड़क निर्माण को लेकर सासंद ने झारखंड सरकार और डीसी को लिखा पत्र

Palamu : पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने पलामू जिले की तीन अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जर्जर सड़कों के निर्माण एवं चैड़ीकरण करने हेतु पथ निर्माण विभाग, झारखंड सरकार, के प्रधान सचिव सुनील कुमार, उपायुक्त पलामू एवं कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल डालटनंज को पत्र लिखकर अनुरोध किया है। इन सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
सांसद श्री राम ने कहा है कि ये तीनों सड़कें पलामू जिले के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही से जुड़ी हुई हैं। इनका शीघ्र निर्माण न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि विकास, व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी। उक्त सड़के निम्नलिखित हैः

1. पीडब्ल्यूडी डालटनगंज-पांकी रोड के पोखराहा मोड़ से बढ़कागांव होते हुए पीडब्ल्यूडी डालटनगंज-बैरिया-पाटन रोड़ के खनवां चौक तक लगभग 7 किलोमीटर सड़क का निर्माण एवं चैड़ीकरण शामिल है। वर्तमान में यह सड़क आरईओ के अधीन होने के कारण काफी संकीर्ण एवं जर्जर है, जिससे दो वाहनों का एक साथ आवागमन कठिन हो जाता है। दोनों ओर पथ निर्माण विभाग की प्रमुख सड़कें होने के कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इसे पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर चौड़ी एवं सुदृढ़ सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
- डालटनगंज छः मुहान चौक से सुदना गायत्री मंदिर रोड होते हुए बैरिया चौक तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा दोनों ओर नाली नहीं होने के कारण बरसात का पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आसपास के घरों में भी पानी भरने की समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर आक्रोश है। इस सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
3.डालटनगंज-पांकी मुख्य सड़क के पोखराहा से मेडिकल कॉलेज तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क अत्यंत संकीर्ण एवं जर्जर हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज सहित आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते यातायात को देखते हुए इस सड़क का चौड़ीकरण एवं नए सिरे से निर्माण अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बता दें की पलामू का लोकप्रिय न्यूज़ पोर्टल united palamu.com ने 22 जुलाई 2026 को प्रमुखता से बैरिया चौक पर सड़क की दुर्दशा के बारे में लिखा था। न्यूज़ पोर्टल पर खबर चलने के तुरंत बाद सासंद ने इस सड़क के निर्माण को लेकर सरकार और डीसी को पत्र लिखा।




