
आग उगल रहा सूरज, पलामू में लू लगने से 2 की मौत, भीषण गर्मी से लोगों का जीना हुआ मुहाल
Palamu : पलामू जिले में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया है। आज शनिवार को भी सूरज आग उगलते दिख रहा है। गत शुक्रवार को भी पलामू भट्ठी बना रहा और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। इस दौरान जिले के छतरपुर में लू लगने से एक बुजुर्ग सहित दो की मौत हो गई।

जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बचकोमा के तीनमुहान जंगल में बुजुर्ग भदई भुइयां (60) की मौत हो गयी। भदई नौडीहा बाजार के फटिया के रहने वाले थे। कुछ दिन से अपनी बेटी के घर बाघामाड़ा में रहते थे। दो दिन पहले घर जाने के लिए बेटी के घर से निकले थे। घर नहीं पहुंचने पर उनकी खोजबीन की गई। इस बीच शुक्रवार को बचकोमा के तीनमुहान जंगल में भदई की अर्द्वनग्न शव बरामद हुआ। संभावना जतायी जा रही है कि तेज गर्मी और लू लगने से उनकी मौत हुई।
इधर, छतरपुर अस्पताल के पीछे एक शव मिला है, जिसकी पहचान नामुदाग के मनसाटाड़ गांव निवासी विनोद राम के रूप में हुई है। विनोद अस्पताल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गयी। छतरपुर पुलिस के अनुसार मौत की दोनों घटनाएं लू लगने के कारण हुई। पलामू जिला प्रशासन ने आम लोगों से इस भीषण गर्मी से बचने की सलाह दी है।




