आटा चक्की संचालकों ने व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज के नेतृत्व में सौंपा मांगपत्र

Latehar:बरवाडीह बाजार के आटा चक्की संचालकों ने व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज के नेतृत्व में गुरुवार को जिले के उपायुक्त एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी, लातेहार के नाम प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार तिवारी को मांगपत्र सौंपकर डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। दीपक राज ने बताया कि पेट्रोल पंपों द्वारा जार एवं गैलन में डीजल देने से इनकार किए जाने के कारण क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक आटा चक्कियां बंद होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। इससे संचालकों एवं उनके परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। मांगपत्र में कहा गया कि आटा चक्कियों का संचालन पूरी तरह डीजल पर निर्भर है। डीजल नहीं मिलने के कारण मशीनें ठप पड़ी हैं, जिससे न केवल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गेहूं पिसवाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संचालकों ने बताया कि उनकी आजीविका प्रतिदिन की कमाई पर निर्भर करती है। ऐसे में लगातार चक्कियां बंद रहने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या को जनहित से जोड़कर देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायियों की आजीविका बचाने तथा आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन जल्द सकारात्मक पहल करे। साथ ही संबंधित पेट्रोल पंपों को आटा चक्की संचालकों को जार एवं गैलन में डीजल उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई। वहीं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार तिवारी ने मांगपत्र को जिला के वरीय अधिकारियों तक भेजकर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। मौके पर चक्की संचालक पंकज कुमार, विजय अग्रवाल, प्रदीप कुमार, दिलीप मिस्त्री, कुंदन प्रसाद और विनय प्रसाद गुप्ता समेत कई व्यवसायी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!