
उपायुक्त के निर्देश पर सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्रों में बीज वितरण कार्यक्रम संपन्न
Latehar : उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देशानुसार प्रखंड मनिका के सुदूरवर्ती एवं पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि विभाग द्वारा बीज वितरण किया गया।ग्राम भोखाखाड़-तरवाडीह पंचायत एवं ग्राम बड़काडीह के गांव अत्यंत सुदूरवर्ती एवं पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहाँ के किसानों को पूर्व में कृषि विभाग की ओर से बीज उपलब्ध नहीं हो पाता था।
इस समस्या की जानकारी किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के आलोक में जिला कृषि पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उक्त क्षेत्र के किसानों के लिए अरहर एवं मूंगफली के बीज की व्यवस्था कराई गई तथा कृषि विभाग द्वारा किसानों के बीच बीज का वितरण किया गया।
इस पहल से सुदूरवर्ती एवं पहाड़ी क्षेत्र के किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो सका है। इससे किसानों को कृषि कार्य में सुविधा मिलेगी, उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी तथा क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। किसानों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।





