
केंद्रीय विद्यालय से सेमरी तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की चेतावनी
Latehar : केंद्रीय विद्यालय, लातेहार से सेमरी तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर सांसद प्रतिनिधि (मनरेगा) पिंटू कुमार रजक ने अनुमंडल कार्यालय में आवेदन देकर जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्रीय विद्यालय से सेमरी तक सड़क निर्माण कार्य की अत्यंत आवश्यकता है।उन्होंने बताया कि इस मार्ग के निर्माण को लेकर पूर्व में भी उपायुक्त एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।श्री रजक ने बताया कि सड़क निर्माण नहीं होने से आम लोगों, विद्यार्थियों एवं आवागमन करने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।समस्या के समाधान एवं निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर उन्होंने ग्रामीणों के साथ 28 मई 2026 को सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की घोषणा की है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए मामले को गंभीरता से लेने एवं जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।





