
गायत्री मंदिर के समीप जलजमाव की समस्या को लेकर रवि डे ने उपायुक्त से की वार्ता, समाधान का मिला आश्वासन

Latehar : चंदवा प्रखंड के गायत्री मंदिर के समीप लंबे समय से बने भारी जलजमाव की समस्या को लेकर झाविस के लोकप्रिय नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने उपायुक्त लातेहार से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया। रवि डे ने बताया कि जलजमाव के कारण आसपास के कई मोहल्लों के हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने उपायुक्त को बताया कि जलजमाव के कारण यह महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्ग पिछले कई महीनों से आवागमन के लिए प्रभावित है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण आसपास के क्षेत्रों में बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

श्री डे ने बताया कि उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के सकारात्मक आश्वासन से स्थानीय लोगों में समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है।
रवि डे ने कहा कि गायत्री मंदिर के समीप जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और जलजमाव के कारण उत्पन्न हो रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी लोगों को राहत मिल सके।




