
चैनपुर : डीजे वाहन की चपेट में आकर तीन वर्षीय बच्चे की मौत
Palamu : चैनपुर थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में डीजे वाहन की चपेट में आकर एक 3 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के सोनपुरवा गांव निवासी धर्मदेव राम के पुत्र सत्यम कुमार उम्र 3 वर्ष के रूप में की गई है।

इस घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव में किसी व्यक्ति के घर शादी समारोह था।वहां पर डीजे वाहन पहुंचा था। जिसकी चपेट में आकर सत्यम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों के द्वारा सत्यम कुमार को इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान महेंद्र कुमार,विकास कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर घटना से संबंधित मामले की छानबीन में जुट गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर चैनपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर डीजे वाहन को जप्त कर थाना ले गई है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।




