छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी
Raypur : मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश के साथ-साथ तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, कोरबा, धमतरी, गरियाबंद, मुंगेली, बलौदाबाजार, बस्तर और बेमेतरा जिले में बारिश का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है । राजधानी रायपुर में आज बुधवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है। मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने और झारखंड व पश्चिम बंगाल के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश स्थानों में वर्षा हुई। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान अंबिकापुर में सर्वाधिक तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भू-अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर में पिछले 24 घंटों में 53.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस मानसून सीजन में शहर में अब तक 128.4 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है।
धमतरी जिले में भी लगातार बारिश हो रही है। यहां भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बांधों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। कई जगहों पर जलभराव की समस्या सामने आ रही है।बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने तैयार के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।




