जपला बना ओवरऑल चैंपियन, संकुल स्तरीय संस्कृति महोत्सव सह प्रश्नमंच प्रतियोगिता में प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन
Dr. Satendra Kumar Chandel
Palamu : स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, जपला में रविवार को संकुल स्तरीय संस्कृति महोत्सव सह प्रश्नमंच प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला संघचालक दिनेश प्रसाद कश्यप, मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष राकेश तिवारी, उपाध्यक्ष आलोक कुमार, सचिव सतीश कुमार सिंह, सह सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चंदेल, कोषाध्यक्ष राजेश सिंह तथा सदस्य कामाख्या नारायण सिंह, प्रधानाचार्य कुशजी पाण्डेय, प्रभारी प्रधानाचार्य अखिलेश विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।

प्रतियोगिता में मेदिनीनगर संकुल के अंतर्गत आने वाले जपला, मेदिनीनगर, रजहरा कोठी, हरिनगर एवं बिलासपुर विद्यालयों के कुल 166 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग के विद्यार्थियों ने वैदिक गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, संस्कृत, संगणक एवं संस्कृति बोध विषयों की प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं में अपनी ज्ञान क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त मूर्तिकला, कथा-कथन, त्वरित भाषण एवं लोकनृत्य प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मकता और प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता के समापन पर तीनों वर्गों में सर्वाधिक अंक अर्जित कर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, जपला ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर, मेदिनीनगर ने द्वितीय तथा सरस्वती विद्या मंदिर, बिलासपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रश्नमंच प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब विभाग स्तरीय प्रतियोगिता में मेदिनीनगर संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन अवसर पर विद्यालय परिवार एवं अतिथियों ने सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं।




