
जहां कभी गूंजती थीं नक्सलियों की गोलियां, वहीं पुलिस ने लगाई चौपाल; ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

Latehar : जिले के कभी अति नक्सल प्रभावित रहे चंदवा प्रखंड के चेतर गांव में अब शांति और विश्वास का माहौल देखने को मिल रहा है। जिस स्थान पर कभी नक्सलियों की गोलियों की गूंज और जन अदालतें लगती थीं, आज वहीं पुलिस प्रशासन ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुन रहा है।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप कुमार गुप्ता एवं चंदवा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोरंजन सिंह ने चेतर गांव में जन चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने लोगों से पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने तथा अफवाहों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम जनता के बीच विश्वास कायम करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले जिस क्षेत्र में भय का माहौल रहता था, वहां अब पुलिस गांव पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है। इससे लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।





