
ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत
Latehar : टोरी–शिवपुर रेलवे रेलखंड पर नगड़ा ओवरब्रिज के समीप सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई।यह हादसा रेलवे पोल संख्या 21/28 और 21/30 के बीच हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को एक बोरा मिला, जिसमें प्लास्टिक की बोतलें, पुराने कपड़े, खाने-पीने का सामान, कुछ नकदी और एक जोड़ी चप्पल बरामद हुई। बरामद सामान के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मृतका कबाड़ बीनकर अपना जीवनयापन करती थी।
बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। नियमानुसार शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस अवधि में कोई परिजन या परिचित पहचान के लिए नहीं आता है, तो कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है। घटनास्थल पर सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार समेत बालूमाथ थाना पुलिस, आरपीएफ और रेलवे पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।





