
डेयरी कंपनी अमूल और मदर डेयरी ने देश भर में बढ़ाया दूध की कीमत
नई दिल्ली : देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल और मदर डेयरी ने देश भर में अपने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि नई दरें 14 मई, 2026 की सुबह से प्रभावी होंगी।

अमूल कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अमूल स्टैंडर्ड मिल्क, बफेलो मिल्क, गोल्ड, स्लिम एंड ट्रिम, ताजा, टी-स्पेशल और काउ मिल्क समेत कई प्रमुख वेरिएंट महंगे हो गए हैं। कीमतों में यह बढ़ोतरी लगभग 2.5% से 3.5% तक है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब लोग पहले से ही खाने-पीने की चीजों और ईंधन की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं।अमूल का संचालन करने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने बताया कि दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है। पशुओं के चारे, पैकेजिंग और ईंधन की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है।
इसी वजह से कंपनी को दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा। कंपनी का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का असर सीधे डेयरी कारोबार पर पड़ रहा था, इसलिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था। दूध हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है। ऐसे में कीमत बढ़ने का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
खासकर उन परिवारों का खर्च बढ़ सकता है, जहां रोजाना ज्यादा मात्रा में दूध का इस्तेमाल होता है।



