दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बना रही है केंद्र सरकार : सांसद पलामू
Palamu : पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सदर प्रखंड मेदिनीनगर परिसर में बुधवार को भारत सरकार की एडीआईपी एवं आरवीवाई योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के बीच विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। यह वितरण शिविर पलामू संसदीय क्षेत्र के सदर मेदिनीनगर, पाटन, विश्रामपुर, सतबरवा, पड़वा, पांडू, उंटारी रोड, नावाबाजार एवं रामगढ़ प्रखंडों के लाभुकों के लिए आयोजित किया गया।

सांसद के प्रयास एवं अनुशंसा से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद लाभुकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन में सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देना है।
इस अभियान के तहत कुल 966 लाभार्थियों के लिए 3,927 सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें ADIP योजना के तहत 414 लाभार्थियों को 745 उपकरण तथा RVY योजना के तहत 552 एवं वरिष्ठ नागरिक लाभार्थियों को 3,182 उपकरण शामिल हैं।
लाभुकों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, CP चेयर, क्रच, रोलाटर, ब्रेल किट, वॉकिंग स्टिक, नी-ब्रेस, लुम्बो सैक्रल बेल्ट, सिलिकॉन कुशन, लेप्रोसी किट सहित विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरण किया गया।
दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के अभिन्न अंग हैं। उनके जीवन को सुगम बनाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सम्मान के साथ जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। केंद्र सरकार द्वारा संचालित दिव्यांग व्यक्तियों को सहायक उपकरणों की खरीद/स्थापना हेतु सहायता योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) जैसी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रही हैं।
पलामू संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर लगातार कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल कुमार सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, सदर मेदिनीनगर प्रखंड प्रमुख श्रीमती बसंती देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, सदर मेदिनीनगर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार पाण्डेय, भोला पाण्डेय, सुभक तिवारी सहित एलिमको के पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में दिव्यांग लाभुक एवं उनके परिजन उपस्थित थे।
विज्ञापन





