
धनकारा गांव में वैद्यजी ने बच्चों को पारंपरिक औषधीय ज्ञान से कराया परिचित
लातेहार : ग्रासरूट इनोवेशन कार्यक्रम के अंतर्गत धनकारा पंचायत के ग्राम धनकारा में स्थानीय वैद्यजी से पारंपरिक औषधीय ज्ञान एवं जड़ी-बूटियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए अध्ययन भ्रमण आयोजित किया गया।यह गतिविधि मेंटर इशरत बानो, बनवारी साहू महाविद्यालय के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।
कार्यक्रम में इशरत बानो के नेतृत्व में छात्राएँ निसा कुमारी, कल्पना कुमारी, रसीना खातून, हीना नाज एवं सैफ अली ने वैद्य जी से विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान, उनके औषधीय गुण, उपयोग की पारंपरिक विधियाँ तथा ग्रामीण चिकित्सा परंपराओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों ने इस दौरान आवश्यक जानकारियों का दस्तावेजीकरण भी किया।मेंटर ने बताया कि ग्रासरूट इनोवेशन कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय पारंपरिक ज्ञान, ग्रामीण नवाचारों और लोक चिकित्सा पद्धतियों का संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण करना है, ताकि नई पीढ़ी अपने क्षेत्र की ज्ञान-परंपरा से जुड़ सके।विद्यार्थियों ने इस अध्ययन को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे नवाचार आधारित कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।





