
नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’के तहत कार्यक्रम,पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन
Latehar : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत 2 अगस्त को लातेहार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी MY Bharat, लातेहार की उप निदेशक कंचन कुमारी ने दी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य वर्ष 2047 तक नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं को जागरूकता, स्वयंसेवा और जनभागीदारी के माध्यम से जोड़ना है।अभियान के तहत देशभर में 10 हजार से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करेंगे।
लातेहार जिले में बनवारी साहू महाविद्यालय एवं नर्सिंग कौशल कॉलेज को प्रमुख आयोजन स्थल बनाया गया है। यहां छात्र-छात्राएं, MY Bharat एवं NSS स्वयंसेवक सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री के संबोधन में शामिल होंगे तथा सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ लेंगे।
कंचन कुमारी ने बताया कि अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार खेल, योग, फिटनेस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान और अन्य सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने जिले के युवाओं से MY Bharat पोर्टल पर डिजिटल संकल्प लेकर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।





