पलामू पुलिस ने मुस्कान अभियान के तहत 104 गुम मोबाइल लोगों को लौटाया
Palamu : पलामू पुलिस की ओर से शनिवार को चलाए गए ‘मुस्कान अभियान’ के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 104 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल फोन संबंधित धारकों को वापस सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्वयं कई लोगों को उनके मोबाइल फोन लौटाए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों को राहत पहुंचाना और गुम हुए मोबाइल की त्वरित बरामदगी सुनिश्चित करना है।
जिले के अलग-अलग थानों में मोबाइल गुम होने और चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। तकनीकी सहायता और पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से 104 मोबाइल फोन खोज निकाले गए।




