पलामू में 28 मई से 4 जून तक चलेगा माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान, डीसी ने की बैठक

Palamu : “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” कार्यक्रम अंतर्गत राज्यव्यापी अभियान 28 मई से 4 जून 2026 तक चलाया जाना है। इस अभियान को जिले में प्रभावी तरीके से संचालित करने को लेकर बुधवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने एनआईसी सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी बीडीओ एवं प्रखंड वाश समन्वयकों के साथ बैठक की। वहीं एनआईसी सभागार में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि माहवारी स्वच्छता दिवस केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान के रूप में चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज भी राज्य में मात्र 52 प्रतिशत किशोरियां एवं महिलाएं ही सैनिटरी नैपकिन का उपयोग करती हैं, जो चिंताजनक स्थिति है। ऐसे में समाज में जागरूकता बढ़ाकर इस आंकड़े में सुधार लाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि माहवारी स्वच्छता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा, शिक्षा और सुरक्षित जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने सभी प्रखंडों में पंचायत एवं समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। अभियान के तहत किशोरियों एवं महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन, सैनिटरी नैपकिन के उपयोग तथा सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में अभी भी बड़ी संख्या में महिलाएं असुरक्षित साधनों का उपयोग करती हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। अभियान के माध्यम से माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों एवं झिझक को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के दौरान पंचायत एवं समुदाय स्तर पर छोटे समूहों में बैठक, प्रभातफेरी, शपथ ग्रहण, रेड डॉट चैलेंज, जागरूकता रैली तथा स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वयं सहायता समूह, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से गांव-गांव में जनजागरूकता अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!