ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, चंदवा-लोहरदगा रोड पर 10 ग्राम मादक पदार्थ के साथ 2 लोग गिरफ्तार

Palamu : लोहरदगा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को उस समय पकड़ा,जब वे चंदवा-लोहरदगा रोड के रास्ते ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा थार वाहन से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन जब्त किया है।

विशेष छापेमारी दल का हुआ गठन

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक आदर्श कुमार, सहायक अवर निरीक्षक चंद्रदीप मेहता तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी लोहरदगा भी मौजूद रहे।

वाहन जांच अभियान के दौरान पकड़े गए तस्कर

गठित टीम द्वारा कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की महिंद्रा थार को रोककर जांच की गई। वाहन पर जेएच 01 ईएफ 0040 अंकित था। वाहन में दो युवक सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम साजन नायक (26 वर्ष), पिता सुरेंद्र नायक, निवासी अंबेडकर नगर, कस्तूरबा स्कूल के पास, लोहरदगा बताया। वहीं दूसरे युवक ने अपना नाम राजन कुमार महतो (23 वर्ष), पिता रामलाल महतो, निवासी ग्राम ईंटा, थाना व जिला लोहरदगा बताया।

सीओ ने ली वाहन की तलाशी

अंचलाधिकारी की उपस्थिति में दोनों युवकों और वाहन की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक सीट के नीचे बिछे काले रंग के मैट के नीचे सफेद कागज में लिपटा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि बरामद पदार्थ ब्राउन शुगर है।इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर बरामद ब्राउन शुगर की मात्रा लगभग 10 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से महिंद्रा थार वाहन, करीब 10 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में लोहरदगा थाना में कांड संख्या 80/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

नशा के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई : लोहरदगा पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!