
डाल्टनगंज में भीषण गर्मी, तापमान 43 डिग्री के पार, झुलस रहे लोग
Ranchi : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब राज्य में तापमान फिर बढ़ने लगा है।
मंगलवार को पलामू जिला मुख्यालय डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची में भी तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ और यहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि मौसम विभाग के अनुसार राज्य में तापमान अभी सामान्य से दो डिग्री से अधिक नहीं पहुंचा है। इसके बावजूद दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मई महीने में इस बार झारखंड के लोगों को अपेक्षाकृत कम गर्मी झेलनी पड़ी है। बीच-बीच में हुई बारिश और बदलते मौसम के कारण तापमान नियंत्रित रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि देखी जा रही है।
इधर, मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 20 मई और 23 मई को राज्य के पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।



