
मंडल डैम एवं आसपास के क्षेत्रों का डीसी-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
लातेहार:मंगलवार 26 मई 2026 को उपायुक्त संदीप कुमार, गढ़वा उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से मंडल डैम, बरवाडीह एवं आसपास के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।इस दौरान परियोजना से संबंधित विभिन्न अवरोधों एवं कार्य में हो रहे विलंब के कारणों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
निरीक्षण के क्रम में विस्थापन से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में मंडल डैम निर्माण परियोजना के अंतर्गत डूब क्षेत्र में आने वाले मेराल गांव के परिवारों के विस्थापन से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विस्थापन प्रक्रिया को संवेदनशीलता एवं नियमानुसार पूर्ण कराने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त बरवाडीह से मंडल तक सड़क निर्माण कार्य को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य क्षेत्र के आवागमन एवं विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन पुलिस पिकेट भवन का भी जायजा लिया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा निर्माणाधीन नए अस्पताल भवन एवं मोरवाइकल स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने निर्माण कार्य में लगे अधिकारियों एवं संवेदकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर बल दिया।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, लातेहार दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी बरवाडीह, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता एवं कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




