युवक चढ़ा मोबाइल टावर पर, जयराम महतो से बातचीत के बाद उतरा नीचे
Ranchi : धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक भ्रष्ट सिस्टम से आहत होकर मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक ने टुंडी पुलिस के सामने मांग रखी कि उसकी बातचीत मुख्यमंत्री या टाइगर जयराम महतो से कराई जाए। कई घंटों तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद जयराम महतो से युवक की बातचीत कराई गई, जिसके बाद वह खुद ही टावर से नीचे उतर आया।

दरअस जाहिद अंसारी (24) गुरुवार की सुबह में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि युवक भ्रष्ट सिस्टम और अपनी परेशानियों से आहत था। उसने पुलिस के सामने साफ तौर पर मांग रखी कि उसकी बातचीत राज्य के मुख्यमंत्री या टाइगर जयराम महतो से कराई जाए। युवक के टावर पर चढ़े रहने के कारण पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ती गई।
काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार टाइगर जयराम महतो से युवक की बातचीत कराई गई। बातचीत होने के बाद जाहिद अंसारी खुद ही मोबाइल टावर से नीचे उतर आया।
टावर से नीचे उतरने के बाद युवक ने मीडिया के सामने अपनी परेशानी और बेबसी जाहिर की। फिलहाल, युवक की समस्या क्या है और उसने सिस्टम से आहत होकर इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, यह उसके बयान के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।




