
लापता छात्रा का शव तालाब से बरामद,जांच में जुटी पुलिस
गढ़वा : गढ़वा शहर थाना क्षेत्र के सुखबाना गांव में शनिवार सुबह एक तालाब से छात्रा का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव तैरता देख ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना के बाद मृतिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतिका की पहचान दलेली गांव निवासी तथा वर्तमान में गढ़वा थाना क्षेत्र के सुखबाना गांव में रह रही बजरंगी साव की पुत्री खुशबू कुमारी उम्र 13 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार खुशबू बीते गुरुवार सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, उसके बाद दोपहर में उसका बैग घर पर मिला,लेकिन उसके बाद वह गायब मिली। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
शनिवार सुबह सुखबाना गांव स्थित एक तालाब में उसका शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।हालांकि प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की बात कही जा रही है।




