
व्यावसायिक संघ के चुनाव में दीपक राज की प्रचंड जीत, 508 वोट हासिल कर दोबारा बने अध्यक्ष

Latehar : बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को बरवाडीह व्यावसायिक संघ की नई कमेटी के गठन को लेकर चुनाव कराया गया। अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष दीपक राज और हार्डवेयर व्यवसायी मनोज प्रसाद आमने-सामने थे।
सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुए मतदान में कुल 613 दुकानदारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खराब मौसम के बावजूद मतदान को लेकर व्यवसायियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में दुकानदार मतदान केंद्र पर पहुंचे और कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। चुनाव पर्यवेक्षक पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में मतदान प्रक्रिया कराई गई।
दोपहर 12 बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू हुई। मतगणना प्रक्रिया में पंकज अग्रवाल उर्फ डब्लू, आनंद अग्रवाल, इम्तियाज आलम, शिवनारायण प्रसाद, दीप्लेश सिंह, राजेश वर्मा, ऋषभ गुप्ता और राहुल गुप्ता समेत अन्य सदस्य शामिल रहे। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया गया।
कुल 613 मतों में दीपक राज को 508 वोट, जबकि मनोज प्रसाद को 81 वोट प्राप्त हुए। वहीं 24 मत रद्द घोषित किए गए। इस तरह दीपक राज ने बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा बरकरार रखा। परिणाम की घोषणा के बाद चुनाव पर्यवेक्षक पंकज अग्रवाल ने दीपक राज को प्रमाण पत्र प्रदान किया। जीत की खबर मिलते ही दीपक राज के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और खुशी का इजहार कर जश्न मनाया।
जीत के बाद दीपक राज ने अपनी जीत का श्रेय बरवाडीह प्रखंड के सभी व्यवसायियों, दुकानदार भाइयों और अभिभावक तुल्य वरिष्ठजनों को दिया। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। पूर्व कार्यकाल में व्यवसायियों के हित में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाते हुए आने वाले कार्यकाल में भी बाजार और व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ काम करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव मुख्य चुनाव प्रभारी सह पर्यवेक्षक पंकज अग्रवाल एवं पूरी चुनाव कमेटी के प्रति भी आभार जताया। दीपक राज की जीत पर उनके समर्थकों और व्यवसायियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी।





