सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

Ranchi : पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगाझुड़ी में सोमवार सुबह सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक सुमित मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम कर दिया तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान दुर्घटना में शामिल डंपर में तोड़फोड़ भी की गई।

मृतक सुमित मुंडा सलगाझुड़ी का रहने वाला था और भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा मुंडा का पुत्र था। वह टाटा मोटर्स में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था। बताया जाता है कि सुमित प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह करीब 5:45 बजे बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान सलगाझुड़ी मुख्य मार्ग पर पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का पिछला पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। कुछ ही देर में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा आवासीय क्षेत्र में डंपरों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।

सूचना मिलने पर परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिजनों के बीच मुआवजे तथा अन्य मांगों को लेकर वार्ता जारी थी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!