सोशल मीडिया पर रांची पुलिस की रहेगी खास नजर
Ranchi : रविवार को रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम कसने के लिए अहम समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि शहर की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और क्राइम कंट्रोल से किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में एसएसपी ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए, उन्होंने कहा कि फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर पुलिस की विशेष टीम लगातार नजर रख रही है। यदि कोई व्यक्ति या समूह किसी भी तरह का भड़काऊ, सांप्रदायिक, आपत्तिजनक या अन-वेरिफाइड संदेश पोस्ट या शेयर करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिना पुष्टि के किसी भी फर्जी खबर या मैसेज को फॉरवर्ड करने वालों को भी चिन्हित कर कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा। एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग तेज करने के निर्देश दिए।
शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, नशे के कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। रात के समय संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग बढ़ाने को कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। आम जनता से मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रांची पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को दें। इस बैठक में एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, यातायात एसपी राकेश सिंह, कोतवाली एएसपी निखिल राय, शहर डीएसपी केवी रमण, डीएसपी वन अमर पांडेय, डीएसपी टू अजय आर्यन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुंडू ओमप्रकाश सहित कई डीएसपी और विभिन्न थानों के थानेदार उपस्थित थे।




