हरिहरगंज : वैद्य बिगहा में छापेमारी, एक क्विंटल जावा महुआ नष्ट
अवैध शराब निर्माण के उपकरण भी ध्वस्त, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
Palamu : हरिहरगंज थाना क्षेत्र के वैद्य बिगहा मोहल्ले में बुधवार देर शाम पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ छापेमारी की. अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान करीब एक क्विंटल जावा महुआ नष्ट किया. वहीं, शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी ध्वस्त कर दिया गया.

पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी दल में हरिहरगंज थाना के अवर निरीक्षक संतोष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, नन्हकू बैठा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.




