हाथियों के झुंड ने घर किया ध्वस्त, बाल-बाल बचे दंपती

Latehar: चंदवा प्रखंड के चकला पंचायत अंतर्गत पुराना टोली में सोमवार की देर रात हाथियों के झुंड ने बंधन मुंडा के घर पर हमला कर दिया। हाथियों के हमले में उनका घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। घटना के दौरान बंधन मुंडा और उनकी पत्नी घर में सो रहे थे। अचानक हाथियों की आहट और घर पर हमले से दोनों की नींद खुल गई। दोनों किसी तरह घर से बाहर निकलकर भागे, जिससे उनकी जान बच सकी।

हाथियों ने घर को क्षतिग्रस्त करने के साथ-साथ आसपास के खेतों में लगी मक्का की फसल को भी रौंदकर बर्बाद कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

बंधन मुंडा ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया गया है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल स्थल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

वहीं, युवा आजसू नेता मनोज तुरी ने घटना पर चिंता जताते हुए वन विभाग से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बंधन मुंडा के पास रहने के लिए यही एकमात्र आवास था। बरसात के मौसम में घर ध्वस्त होने से परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मनोज तुरी ने वन विभाग से जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने के साथ ही हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!