
हुसैनाबाद के पूर्व और वर्तमान विधायक का मिलन बना चर्चा का विषय
Satendra Kumar Chandelalamu : हुसैनाबाद प्रखंड के कामगारपुर गांव में बीती रात आयोजित एक तिलक समारोह उस समय खास बन गया, जब राजनीतिक परिपक्वता और शालीनता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। एक स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ता के घर आयोजित इस पारिवारिक कार्यक्रम में हुसैनाबाद के वर्तमान विधायक संजय कुमार सिंह यादव और पूर्व विधायक सह पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह एक साथ पहुंचे।
Palamu : हुसैनाबाद प्रखंड के कामगारपुर गांव में बीती रात आयोजित एक तिलक समारोह उस समय खास बन गया, जब राजनीतिक परिपक्वता और शालीनता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। एक स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ता के घर आयोजित इस पारिवारिक कार्यक्रम में हुसैनाबाद के वर्तमान विधायक संजय कुमार सिंह यादव और पूर्व विधायक सह पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह एक साथ पहुंचे।

समारोह के दौरान दोनों नेताओं के बीच जो आत्मीयता और सम्मान का भाव देखने को मिला, उसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उम्र और राजनीतिक अनुभव में वरिष्ठ कमलेश कुमार सिंह का अभिवादन संजय कुमार सिंह यादव ने बड़े ही विनम्र और सहज अंदाज में मुस्कुराते हुए किया। वहीं, कमलेश सिंह ने भी उसी आत्मीयता के साथ उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए मुस्कान के साथ प्रत्युत्तर दिया।
पूर्व और वर्तमान विधायक के इस सौहार्दपूर्ण मिलन को देखकर उपस्थित लोग कुछ पल के लिए आश्चर्यचकित रह गए। आमतौर पर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच ऐसे दृश्य कम ही देखने को मिलते हैं। लेकिन इस मौके पर दोनों नेताओं ने जिस परिपक्वता का परिचय दिया, वह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
हालांकि, इस दृश्य को देखकर कई लोग मन ही मन यह भी कहते नजर आए कि यदि क्षेत्र के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी इसी तरह सभी जनप्रतिनिधि मिलकर समन्वय स्थापित करें, तो हुसैनाबाद का विकास नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
यह आयोजन न केवल एक पारिवारिक खुशी का अवसर था, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सामाजिक और मानवीय रिश्तों में सौहार्द और सम्मान सबसे ऊपर होना चाहिए।



