
हुसैनाबाद नगर पंचायत की पहल, प्याऊ व्यवस्था की हुई शुरुआत
Palamu : भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर पंचायत हुसैनाबाद द्वारा आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शहर में प्याऊ व्यवस्था शुरू की गई है। नगर पंचायत की ओर से राहगीरों, मजदूरों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है।

इसी क्रम में नगर पंचायत कार्यालय हुसैनाबाद के सामने सबसे पहले प्याऊ व्यवस्था की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी एवं वार्ड पार्षद आनंद कुमार ने फीता काटकर किया। प्याऊ शुरू होने से उस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिल रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल नगर पंचायत कार्यालय के सामने प्याऊ की शुरुआत की गई है। इसके बाद अन्य जगहों पर चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी प्याऊ की व्यवस्था शुरू की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। नगर पंचायत की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों ने कहा कि गर्मी के मौसम में इस तरह की व्यवस्था राहगीरों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी।
मौके पर समाजसेवी प्रदीप पटेल (पीपी), उदय सोनी, लेखपाल रविकांत कुमार, संजीत कुमार, रवि कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।



