
हुसैनाबाद : बाजार में नाली की पटिया हटने से बढ़ी परेशानी, जाम और आवागमन संकट से लोग परेशान
Palamu : हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित मदरसा मार्केट के सामने मीट-मुर्गा मार्केट होते हुए संगत मुहल्ला और कुर्मी टोला जपला जाने वाली सड़क पर पिछले एक सप्ताह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत द्वारा नाली सफाई कार्य के दौरान सड़क किनारे लगी नाली की पटिया (स्लैब) हटाई गई थी, लेकिन सफाई के बाद भी उसे दोबारा नहीं लगाया गया, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया है।

स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के अनुसार, यह मार्ग बाजार क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क रास्ता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए आते-जाते हैं। नाली की पटिया हटे रहने के कारण चिकन और अन्य सामान खरीदने आने वाले ग्राहक अपने वाहन मुख्य सड़क पर खड़ा कर बाजार के अंदर चले जाते हैं, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इससे आम लोगों, वाहन चालकों और बाजार से गुजरने वाले राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी नगर पंचायत की ओर से समस्या के समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द पटिया नहीं लगाई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।मुहल्लावासियों, दुकानदारों और आम नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द नाली की पटिया लगाकर सड़क को पूर्ववत चालू करने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र में सुगम आवागमन बहाल हो सके और लोगों को जाम व परेशानी से राहत मिल सके।




