
उपायुक्त ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कर दिए कई दिशा निर्देश

Latehar : उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में विद्युत विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में बिजली आपूर्ति विभाग के संपूर्ण कार्यों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य प्रगति में बाधक बन रहे समस्याओं को संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दूर करने का निर्देश दिया। खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलने, आए दिन बिजली की समस्या, कई इलाकों में पुराने बिजली तार को बदलने सहित बिजली की अन्य कई समस्याओं पर चर्चा कर विद्युत कार्यपालक अभियंता लातेहार को उक्त समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिय गया।
आगामी पर्वों को देखते हुए उपायुक्त ने विद्युत कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि जिले में विद्युत आपूर्ति निर्बाध एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विद्युत व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा संभावित तकनीकी खराबियों को समय रहते दूर करने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने विद्युत आपूर्ति एवं रखरखाव कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं।
पर्व के मद्देनजर उपायुक्त ने विद्युत विभाग को कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि आगामी पर्वों के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता राजदेव मेहता,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





