
कलाई पर राखी, माथे पर तिलक और रिश्तों में घुली मिठास
Prabhu singh @ united palamu

Latehar : भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आज लातेहार जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।
भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही राखी बांधने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। कई बहनें दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अपने भाइयों के घर पहुंचीं और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
बहनों ने पूजा की थाल सजाकर उसमें रोली, गुलाल, अक्षत, दीपक और मिठाई रखी। इसके बाद भाइयों का तिलक कर आरती उतारी और कलाई पर राखी बांधकर श्रीफल व मिठाई भेंट की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया।
पर्व को लेकर लातेहार शहर के बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही। राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई। पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार, कचहरी चौक, थाना चौक, शहीद चौक, रेलवे स्टेशन रोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ी रही। बाहर से आने-जाने वाली बहनों के कारण बस स्टैंड में भी काफी भीड़ रही। सुबह से लेकर देर शाम तक बसों और अन्य यात्री वाहनों में बहनों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा।
रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं बल्कि परिवार में प्रेम, विश्वास, अपनापन और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का अवसर भी माना जाता है। लातेहार जिले में पर्व के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आधुनिक उत्साह का भी सुंदर संगम देखने को मिला। जिला मुख्यालय, जिले के सभी प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों में लोगों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही रही और घरों में विशेष पकवान एवं मिठाइयां तैयार की गईं। पूरे जिले में दिनभर पर्व की खुशियां और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की मिठास देखने को मिली।





