
चंदनडीह में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, छह से सात लाख के गहने व सामान चोरी

Latehar : सदर थाना क्षेत्र के चंदनडीह मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और अन्य सामान चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब छह से सात लाख रुपये बताई जा रही है। घटना चंदनडीह निवासी मनोज कुमार वर्मा के घर में हुई।
जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार वर्मा 28 और 29 अगस्त को किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। 30 अगस्त को जब वे वापस घर लौटे तो घर की स्थिति देखकर दंग रह गए। घर का अंदरूनी दरवाजा टूटा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी का ताला और दरवाजा भी क्षतिग्रस्त था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर अलमारी में रखे करीब छह से सात लाख रुपये मूल्य के गहने एवं अन्य सामान लेकर फरार हो गए हैं। घटना की सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
इधर, चोरी की घटना के उद्भेदन को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप कुमार गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।





