
मूसलाधार बारिश से राजडंडा नदी पर बना पुराना पुल ध्वस्त, मुख्य मार्ग बंद
Prabhu singh @ united palamu
Latehar : महुआडांड़-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग के अंतर्गत ग्राम राजडंडा में शनिवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद राजडंडा नदी पर बना पुराना पुल ध्वस्त होकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थिति यह है कि बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही तो दूर, क्षतिग्रस्त पुल से पैदल गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, राजडंडा नदी पर बने इस पुल का निर्माण करीब वर्ष 1960-65 के आसपास हुआ था। शनिवार को हुई तेज बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। इसी दौरान पुल का एक पिलर धंस गया, जिसके कारण पुल का एक हिस्सा नीचे दबकर पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
पुल के टूट जाने से आसपास के ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं पैदल आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुल की स्थिति का जायजा लेने के लिए रविवार को सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जुटी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की तत्काल मरम्मत कराने अथवा आवागमन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मार्ग बंद
पुल की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मार्ग को फिलहाल बंद कर दिया गया है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बास्करचा होकर महुआडांड़ तक बड़े और छोटे वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग बहाल किया गया है।
इस संबंध में एसडीओ सुलेमान मुंडरी ने बताया कि पुल ध्वस्त होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों की सुविधा के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बास्करचा होकर महुआडांड़ तक बड़े और छोटे वाहनों का आवागमन बहाल किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मार्ग को फिलहाल बंद रखा गया है। जिला स्तर के इंजीनियर को इसकी सूचना दे दी गई है। इंजीनियर द्वारा स्थल का निरीक्षण किया जाएगा तथा लोगों का आवागमन जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





