चियांकी में बवाल और पथराव, पुलिसकर्मी समेत कई घायल, अस्पताल में भर्ती
Palamu : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे फोरलेन हाईवे निर्माण को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का विरोध किया, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि उचित मुआवजा दिए बिना ही उनके घरों को तोड़ा जा रहा है। तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी थी और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद स्थिति बिगड़ गई।

घटना में जैप जवान राजमोहन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि सहायक महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी के पैर में चोट आई। इस पथराव की घटना में कई अन्य पुलिसकर्मी और ग्रामीण भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज एमएमसीएच में चल रहा है
सूचना मिलते ही एसडीपीओ एसडीएम व थाना प्रभारी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि घटना की जांच जारी है। इधर घटना के बाद भाकपा नेताओं ने भी पहुचकर घटना की जानकारी ली।




