चैनपुर: परिजनों के राजी खुशी से मंदिर में प्रेमी जोड़े ने लिए सात फेरे, शादी के बंधन में बंधे गुड्डू और काजल
PALAMU : पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कोशियारा पंचायत के तेनला गांव में प्रेम प्रसंग का मामला शादी तक पहुंच गया। लंबे समय से प्रेम संबंध में रहे युवक-युवती ने दोनों परिवारों की सहमति और अपनी खुशी से विवाह कर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, तेनला गांव निवासी पच्चु शर्मा के पुत्र गुड्डू शर्मा और लातेहार जिले के जिंगुर गांव निवासी काजल कुमारी के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी क्रम में मंगलवार, 2 अक्टूबर को गुड्डू अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को घर में साथ देख लिया और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक के परिजनों को सूचना दी।

बताया जाता है कि उसी गांव में युवक की बहन की शादी भी हुई थी। सूचना मिलने पर युवक के जीजा मौके पर पहुंचे और युवती के परिजनों से बातचीत की। दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के बाद विवाह कराने पर सहमति बनी। इसके बाद बुधवार को लातेहार स्थित एक मंदिर में युवक-युवती का विवाह संपन्न कराया गया। मंदिर में दोनों ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। विवाह के दौरान दोनों के अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक ही जाति के हैं। दोनों परिवारों की सहमति और युवक-युवती की खुशी के साथ विवाह संपन्न हुआ। फिलहाल, तेनला गांव में प्रेम प्रसंग के शादी में बदलने का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



