
नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प, देवरी ओपी प्रभारी ने विद्यालय में चलाया जागरूकता अभियान
हुसैनाबाद : नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से बुधवार को देवरी ओपी पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। नशा मुक्ति अभियान के तहत देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की टीम ने उत्क्रमित राजकीय नवसृजित मध्य विद्यालय, देवरीकला (पहाड़ीपर) पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान ओपी प्रभारी राजू गुप्ता ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और यदि युवा नशे की गिरफ्त में आ जाएं तो समाज के विकास की गति प्रभावित होती है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, शिक्षा और सकारात्मक सोच को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सशक्त और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों एवं विद्यालय परिवार ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। सभी ने हाथ उठाकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ ली।
देवरी ओपी प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान लगातार चलाया जा रहा है। विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी नशा के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने और अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। पुलिस और विद्यालय प्रशासन की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।



