
नाबालिग से देह व्यापार कराने के मामले मेें महिला गिरफ्तार
Ranchi : झारखंड के गिरिडीह जिले में नाबालिग से देह व्यापार कराने के मामले मेें पचम्बा थाना पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया है ।
पचम्बा थाना पुलिस ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार महिला बिरनी थाना क्षेत्र के भ्रकट्टा ओपी इलाके की रहने वाली है और पचम्बा थाना क्षेत्र के बोडो स्थित एक मकान में किराए पर रह रही थी । पुलिस की पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने के बहाने बुलाती थी और बाद में उनसे देह व्यापार करवाती थी।

पुलिस के अनुसार आरोपित महिला बोडो में रहती जरूर थी, लेकिन देह व्यापार का धंधा दूसरे स्थानों पर संचालित किया जाता था । महिला ने पूछताछ में यह भी कबूला कि वह नाबालिगों से अश्लील बातें कर उन्हें इस धंधे में लगाती थी । पुलिस के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब दो नाबालिगों ने पचम्बा थाना पुलिस को सूचना दी कि उन्हें काम दिलाने के नाम पर गिरिडीह बुलाया गया और अब उनसे गलत काम कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और दोनों नाबालिगों कीओर से बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो नाबालिगों को सुरक्षित बाहर निकाला और मौके से आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके दूसरे ठिकाने पर भी छापा मारा, जहां कथित रूप से देह व्यापार कराया जाता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने नाबालिगों को संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।




