
ईडी के अधिकारियों पर बोला हमला, वाहनों में की तोड़फोड़, पुलिस ने किया लाठी चार्ज
Tiruansntpuram : प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के दौरान बुधवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के बेकरी जंक्शन स्थित किराए के आवास के बाहर जमकर हंगामा हुआ। जानकारी के मुताबिक ईडी अधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के आवास पर छापा पूरा कर लिया था और जब वे वहां से निकल रहे थे, तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके वाहनों को रोक दिया।

भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आरोप है कि काफिला निकलने से पहले सीपीआई (एम) के कार्यकर्ताओं ने ईडी के तीन वाहनों को नुकसान पहुंचाया और उन पर पत्थर फेंके। इस बीच जैसे-तैसे ईडी के अधिकारी केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीआई (एम) नेता पिनाराई विजयन के आवास से रवाना हुए।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह ईडी की तलाशी शुरू होने के बाद से ही पिनराई विजयन और उनके परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। तलाशी अभियान के बीच बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता आवास के बाहर जमा हो गए और केंद्र की भाजपा नीत सरकार तथा ईडी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट के जरिए परिसर में घुसने की भी कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया।ईडी ने केरल में जांच के तहत कई जगहों पर तलाशी ली है, जिनमें पिनाराई विजयन, उनकी बेटी वीणा विजयन और राज्य के पूर्व मंत्री व दामाद पीए मोहम्मद रियास के घर शामिल हैं।




