पांकी : घर के बाहर लगे ट्रैक्टर की चोरी, पीड़ित ने थाना में दर्ज कराया मामला
Palamu : पांकी थाना क्षेत्र के पोरसम गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने दरवाजे पर खड़े एक ट्रॉली लगे ट्रैक्टर पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह होते ही पूरे इलाके में फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, चोरी गया ट्रैक्टर पांकी के मंगलपुर गांव निवासी राजू प्रसाद का है। ट्रैक्टर पोरसम स्थित उनके ड्राइवर राजेश भुईया के घर के बाहर ट्रॉली के साथ खड़ा किया गया था। देर रात चोरों ने मौका पाकर वाहन की चोरी कर ली। सुबह जब चालक उठा तो घर के बाहर से ट्रैक्टर गायब देखा।आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन करने के बाद भी ट्रैक्टर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना से परेशान भुक्तभोगी राजू प्रसाद ने पांकी थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन के माध्यम से पीड़ित ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गए ट्रैक्टर की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच और छानबीन में जुट गई है।




