
पुलिस सभा में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, एसपी ने त्वरित समाधान के दिए निर्देश
Latehar : पुलिस केंद्र, लातेहार में 5 सितंबर शनिवार को पुलिस अधीक्षक लातेहार की अध्यक्षता में पुलिस सभा का आयोजन किया गया। सभा का मुख्य उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कल्याण को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके कार्यक्षेत्र में आने वाली समस्याओं एवं चुनौतियों को सीधे सुनना और उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना था।
सभा में जिला पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के अलावा जिले के सभी थाना, पुलिस पिकेट एवं विभिन्न शाखाओं में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अनुशासित एवं पारदर्शी माहौल में अपनी व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी समस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा आईआरबी -04 के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ भी पुलिस सभा आयोजित कर उनकी सामूहिक समस्याओं को क्रमवार सुना गया। पुलिस अधीक्षक सह समादेष्टा, आईआरबी -04, लातेहार ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस सभा के माध्यम से पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं के समाधान तथा कार्य के प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।





