
बारिश से रामपति देवी का घर ध्वस्त, आपदा राहत की मांग
Latehar : तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार की रात में बरवाडीह प्रखंड के चुंगरू पंचायत अंतर्गत हेहेगड़ा गांव निवासी रामपति देवी, पति गोपाल सिंह का घर बारिश के कारण ध्वस्त हो गया।
भुक्तभोगी रामपति देवी ने बताया कि परिवार में वह अकेली कमाने वाली हैं और उनके दो बच्चे हैं। जिस घर में वह अपने बच्चों के साथ रहती थीं, वह बारिश के कारण पूरी तरह ध्वस्त हो गया। घर में रखा कुछ खाद्य एवं अन्य सामान भी दबकर नष्ट हो गया।
रामपति देवी ने जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता राशि एवं अन्य सरकारी मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में बरवाडीह अंचलाधिकारी लवकेश सिंह ने कहा कि भुक्तभोगी अंचल कार्यालय में क्षतिग्रस्त सामग्री की सूची के साथ आवेदन जमा करें। जांच के बाद आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाला लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराया जाएगा।





